जमशेदपुर : 25 सितंबर की तड़के जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मृत चार युवाओं में से सार्थक अग्रवाल एवं नमन गुप्ता का अंतिम संस्कार शुक्रवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट में किया गया. दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार की चिता को देखकर हर कोई कांप उठा. दो दोस्त एक साथ अंतिम संस्कार में भी साथ ही रहे. दोनों की चिताओं को उनके परिजनों ने मुखाग्नि दी. इस दौरान परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था. परिवार चित्कार मारकर रो रहा था. जवान बेटा की सड़क हादसे में जान चली गयी. मंत्री दीपिका सिंह की बेटी युविका उर्फ तृषा सिंह का अंतिम संस्कार रांची में गुरुवार की शाम हो गया जबकि आदित्यपुर निवासी वंशिका खंडेलवाल का भी अंतिम संस्कार बिष्टुपुर के पार्वति घाट में गुरुवार को ही कर दिया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
शुक्रवार को इन दोनों का अंतिम संस्कार किया गया. इस हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है. अंत्येष्टि कार्यक्रम में जमशेदपुर के अलावा राज्य के कई गणमान्य लोग भी शामिल हुए. जनता दल के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने दोनों दिवंगत युवाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों में जागरूकता को लेकर गंभीरता से कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.







