बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राजलाबांध में अज्ञात चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी शुभेंदु कुइला सड़क दुर्घटना में घायल अपनी मां के इलाज के सिलसिले में पत्नी के साथ जमशेदपुर गए हुए थे. इसी दौरान शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने उन्हें घर का ताला टूटे होने की सूचना दी. सूचना पाकर वे वापस घर पहुंचे तो अंदर सामान बिखरे पड़े थे और अलमारी का ताला टूटा हुआ था. पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर अलमारी में रखे 95 हजार रुपये नकद, सोने की चूड़ी, पांच अंगूठियां, चार जोड़ी कान की बालियां और सोने की एक चेन समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए. चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही, घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर भी जांच की जा रही है. उधर, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. नए थाना प्रभारी रवि होनहागा के पदभार संभालने के बाद राजलाबांध में हुई इस चोरी का उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है.


















