जमशेदपुर: मानगो स्वर्णरेखा नदी में शनिवार को हुई दर्दनाक घटना के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर बच्ची की जान बचाने वाले भुइयांडीह छायानगर निवासी जामुन शेख को रविवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सम्मानित किया.जुम्मन शेख ठेला लगाकर हवा मिठाई बेचने का काम करते हैं. घटना के समय उन्होंने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए नदी में डूब रही बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला. उनके इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए विधायक सरयू राय ने रविवार को डीबीएमएस स्कूल में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान उन्हें 10,000 रुपये की नकद राशि एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.(नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर मानगो नगर निगम क्षेत्र समिति के अध्यक्ष विकास कुमार साहनी ने कहा कि जुम्मन शेख ने जिस साहस और मानवता का परिचय दिया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है. आर्थिक रूप से सामान्य पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए एक मासूम की जिंदगी बचाने का प्रयास किया. ऐसे लोगों को सम्मानित करने से समाज में मानवता, साहस और सेवा की भावना को प्रोत्साहन मिलता है.विकास साहनी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर विधायक सरयू राय तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे थे और पूरे मामले की जानकारी ली थी. इसके बाद उन्होंने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर बचाई गई बच्ची के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए थे.(नीचे भी पढ़े)
कार्यक्रम के दौरान घटना की सूचना मिलते ही त्वरित गति से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने वाले युवा समाजसेवी शुभम राज को भी विधायक सरयू राय द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया.विकास कुमार साहनी ने कहा कि संकट की घड़ी में समय पर पहुंचकर मदद करने वाले शुभम राज और अपनी जान जोखिम में डालकर बच्ची को बचाने वाले जुम्मन शेख जैसे लोगों का सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देता है. उन्होंने कहा कि प्रशासन को भी नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पर्व-त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी एवं बचाव दल की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए.




