
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस में इन दिनों मोबाइल छिनतई करनेवाला गिरोह काफी सक्रिय है. ये लोग राह चलते किसी की भी मोबाइल छीनकर भाग जाते हैं. इतना ही नहीं, विरोध करने पर इनके द्वारा चाकू से मारकर घायल कर दिया जाता है. ताजा मामला बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के लकड़ी टाल का है, जहां जोमैटो के एक डिलीवरी बॉय से एक युवक ने मोबाइल छीन ली. विरोध करने पर तीन-चार की संख्या में युवक आए और चाकू से वार कर दिया. हालांकि स्थानीय लोगों ने किसी तरह पीड़ित को बचाया. (नीचे भी पढ़ें व देखें वीडियो)
रविवार को इस मामले में पीड़ित बर्मामाइंस थाना में लिखित शिकायत करने पहुंचा. पीड़ित ने बताया कि वह एक डिलीवरी करने के लिए कल्लू लकड़ी टाल के पास रुककर फोन कर रहा था. इतने में पीछे से एक युवक आया और उसकी मोबाइल छीनकर भागने लगा. उसने मोबाइल छिनने वाले का पीछा किया और उसे पकड़ लिया. इतने में ही पास ही मौजूद तीन-चार युवक आए और उस पर चाकू से हमला कर दिया. स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया, पर तब तक सभी मोबाइल लेकर फरार हो चुके थे.






