जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने सीधे दिल्ली से लौटकर झारखंड आंदोलन के महानायक निर्मल महतो के शहादत दिवस पर जमशेदपुर के बिष्टुपुर के चमरिया गेस्ट हाउस स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर उन्होंने शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि शहीदों की कुर्बानी को सिर्फ माला पहनाकर नहीं, उनके सपनों को मुकाम तक पहुंचा कर सच्चा सम्मान दिया जाए. शहीद निर्मल महतो को याद करते हुए सांसद श्री महतो ने दो टूक कहा कि आज जिस झारखंड में हम खड़े हैं, वह उन शहीदों के लहू से सींचा गया है जिन्होंने सत्ता के खिलाफ संघर्ष किया, अपने प्राण न्योछावर कर दिए, लेकिन झुके नहीं. उन्होंने चेतावनी भरे लहज़े में कहा कि आज उन्हीं शहीदों के नाम पर लोग सत्ता में आ रहे हैं लेकिन उनके आदर्शों को कुचल रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
झारखंड आंदोलन का सपना था, एक समानता और सम्मान वाला राज्य। लेकिन आज यहां भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और सत्ता की लूट मची है। ये शहीदों का अपमान है. सांसद ने जनता से आह्वान किया कि अगर हम अब भी नहीं जागे, तो इतिहास हमें माफ़ नहीं करेगा। आइए, हम सब मिलकर एक ऐसा झारखंड बनाएं, जहां हर वर्ग को न्याय मिले, युवाओं को रोजगार मिले और आदिवासियों को उनका हक़ मिले. यही निर्मल महतो का सपना था और यही हमारा संकल्प है. इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नेताओं, समाजसेवियों और आंदोलनकारियों ने भाग लिया। ‘निर्मल महतो अमर रहें के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा.




