
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज कांड संख्या 32/26 में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल, जिंदा गोली और मोटरसाइकिल बरामद की है. यह मामला 27 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया था. पुलिस के अनुसार कांड धारा 103(1)/61 बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है. मामले में गितेन्द्र कुमार गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना को लेकर रीना रानी के फर्दबयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी. प्राथमिकी में राज किशोर सिंह, अविनाश सिंह, अनिकेत सिंह समेत अन्य लोगों पर षड्यंत्र के तहत हत्या कराने का आरोप लगाया गया था. मृतक गितेन्द्र कुमार गौतम आदित्यपुर-2 स्थित एकलव्य सिटी रोड नंबर-19, कुलूप टांगा के निवासी थे. (नीचे देखे पूरी खबर)
पुलिस के अनुसार मामले के प्राथमिकी अभियुक्त राज किशोर सिंह तथा उनके पुत्र अनिकेत सिंह ने 12 मई 2026 को जमशेदपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की. वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-05 स्थित राज किशोर सिंह के घर से हत्या में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल, मैगजीन तथा एक जिंदा गोली बरामद की गई. वहीं घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा पैशन प्लस मोटरसाइकिल संख्या जेएच 05 डीडी 9034 को परसुडीह थाना क्षेत्र के मोईगुटू इलाके से जब्त किया गया. पुलिस ने बरामद हथियार और वाहन को जब्त कर लिया है. मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस का कहना है कि पूरे षड्यंत्र और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.







