
जमशेदपुर : सात महीने पूर्व 16 मार्च को सिदगोड़ा थाना अंतर्गत के2/ 250 क्वार्टर से संदिग्ध अवस्था में इंद्रावती देवी का शव बरामद किया गया था. वहीं घटना के बाद मृतका के भाई ने अपने बहनोई दूधेश्वर नाथ एवं दो भांजों सचिन नाथ एवं सौरभ नाथ पर हत्या का आरोप लगाते हुए तीनों की गिरफ्तारी की मांग की थी. उधर सात महीने बाद भी अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इसको लेकर मृतका के भाई शिवराज सिंह गुरुवार को जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अपने बहनोई एवं दोनों भांजे को अपनी बहन के मौत का जिम्मेदार बताया. साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए हाथ, पैर और सर पर चोट का निशान होने की बात कही. साथ ही व्यवहार न्यायालय से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठाते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है. वहीं थाने में 306 के तहत केवल मृतका के पति दूधेश्वर नाथ पर मामला दर्ज करने के पीछे भी उन्होंने सिदगोडा थाना पुलिस पर सवाल उठाया है. उन्होंने सुसाइडल नोट का हवाला देते हुए अपने दोनों भांजो पर भी हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है.







