जमशेदपुर : ओड़िशा के रायरंगपुर के रहने वाले डमरू धर्म महंती उर्फ विक्की की जमशेदपुर में हत्या कर दी गयी है. उसके शव को जमशेदपुर में अलग-अलग जगहों पर फेंका गया है. इस मामले में ओड़िशा की रायरंगपुर पुलिस ने सोनारी पुलिस की मदद से सोनारी के रहने वाले आरोपी कमलाकांत सागर और उनकी पत्नी खुशबू सागर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि दोनों ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर ली है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते हैं कि डमरु धर महंति उर्फ विक्की 13 अप्रैल से गायब था. उसकी पत्नी इनुश्री महंती ने रायरंगपुर थाने में केस दर्ज कराया था. इसके बाद रायरंगपुर के डीएसपी स्वर्ण लता मिंज के नेतृत्व में जांच टीम बनी थी. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डमरू धर महंती उर्फ विक्की जमशेदपुर में सोनारी स्थित खुशबू सागर नाम की महिला के घर जाता था. उसका उसके साथ अवैध संबंध था. सूचना के आधार पर रायरंगपुर पुलिस जमशेदपुर पहुंची और सोमवार को सोनारी पुलिस के सहयोग से कमलाकांत सागर और उसकी पत्नी खुशबू सागर को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
दोनों से पूछताछ की गयी तो उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली है. पुलिस का कहना है कि विक्की देह व्यापार के मामले में जेल में बंद था और हाल ही में जेल से छूटा था. वह ऑटो चालक था.
पूछताछ के बाद कमलाकांत सागर और उसकी पत्नी खुशबू सागर की निशानदेही पर पुलिस ने पटमदा की ठनठनी घाटी, बोड़ाम थाना के बीच जामबनी नामक जगह और टाटा-रांची नेशनल हाईवे से बैग में रख कर फेंके गए शव के टुकड़े बरामद कर लिए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं शव को तीन जगह जलाकर भी फेंका गया था. जाम बनी में मिले बैग में सिर, ठनठनी घाटी में मिले बैग में धड़ और टाटा रांची रोड में मिले बैग में पैर है. बताते हैं कि सोमवार को देर शाम ओड़िशा की फॉरेंसिक विभाग की टीम जमशेदपुर आ रही है. फॉरेंसिक विभाग की टीम ने जांच की है और मामला का जल्द खुलासा करेंगी.



