जमशेदपुर: 27 सितम्बर को गोलमुरी स्थित आदिवासी हो समाज भवन में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केन्द्रीय उपाध्यक्ष सुरा बिरुली की अध्यक्षता में बैठक हुई. इस वर्ष सबसे महत्वपूर्ण आयोजन नेशनल हो यूथ मीट (एनएचवाईएम ) 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है. यह दो दिवसीय राष्ट्रीय युवा सम्मेलन आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा, में आयोजित होगा.सुरा बिरुली ने बताया कि इस बार का आयोजन कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है. आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष पूरे आयोजन की कमान जेन-जी और मिलेनियल्स युवा महिलाओं के हाथों में सौंपी गई है. यह हो समाज में महिला सशक्तिकरण और नई पीढ़ी के नेतृत्व को आगे लाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है.नेशनल हो यूथ मीट 2026 मुख्य आयोजन समिति की अध्यक्ष सुश्मिता बिरुवा, उपाध्यक्ष निकिता सोय,महासचिव शांति सिदू, सचिव वीणा दिग्गी, सचिव रोशनी बोयपाई व कोषाध्यक्ष सरस्वती सावैंया को बनाया गया है.(नीचे भी पढ़े)

इस राष्ट्रीय मंच पर देश के कोने-कोने से हो समाज के प्रबुद्ध लोग एकत्रित होंगे. इसमें ग्रामीण युवा, शहरी युवा, डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर, हो भाषा के साहित्यकार, जज, बुद्धिजीवी वर्ग और समाज के अनुभवी सेवानिवृत्त अधिकारी शामिल होंगे. सभी एक ही खुले मंच पर समाज के वर्तमान और भविष्य पर खुलकर अपनी बात रखेंगे.सम्मेलन का उद्देश्य सिर्फ मिलना नहीं, बल्कि समाधान निकालना है. दो दिनों तक इन प्रमुख विषयों पर गहन चर्चा होगी. जिसमें रोजगार, स्किल और उद्यमिता पर युवाओं के लिए रोजगार, स्किल डेवलपमेंट, व्यापार और स्टार्टअप पर विशेष सत्र, पारम्परिक व्यवस्था मानकी-मुंडा व्यवस्था और ग्राम व्यवस्था को आधुनिक समय में कैसे सशक्त बनाया जाए, संवैधानिक अधिकार जैसे 5वीं अनुसूची और पेसा कानून पर जागरूकता और उसके क्रियान्वयन पर चर्चा होगी. साथ ही साथ भाषा, शिक्षा और पहचान के लिए हो भाषा को मान्यता, आदिवासी समाज में महिलाओं की भागीदारी और सांस्कृतिक पहचान को बचाने पर मंथन होगा.(नीचे भी पढ़े)
युवा महासभा के जिला उपाध्यक्ष रवि सावैंया ने कहा, यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, यह हो युवाओं का एकजुटता का परिचय है. हम चाहते हैं कि युवा सिर्फ सुने नहीं, बल्कि बोले भी. खुले मंच पर हर युवा को अपनी बात रखने के लिए मौका मिलेगा.बैठक में मुख्य रूप से रवि सावैंया, अजय बिरुली, समीर कालुण्डिया, सोना हांसदा, लक्ष्मी पुरती, मनोज हेम्ब्रम, निरल हेम्ब्रम, आरके केराई, साधु बानरा, गीता गोंडसोरा, मुन्ना गागराई, सन्नी बारी, मनीष बानरा, लाडू देवगम, शिल्पा सुंडी, राजीव सोय, सीता काण्डेयोंग, सिकंदर जोंको, बर्लिन बोदरा, बीर सिंह हेम्ब्रम आदि थे.







