जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना पुलिस ने रविवार रात थाना क्षेत्र में पैदल मार्च किया. रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में घूम कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की. पैदल मार्च के दौरान पुलिस ने ऐसे स्थानों पर विशेष नजर रखी, जहां अक्सर लोगों की अड्डेबाजी होती है. खुले में शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले लोगों को पुलिस ने कड़े शब्दों में समझाया और बेवजह अड्डेबाजी करने से साफ तौर पर मना किया. पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर नशे का सेवन या ऐसी गतिविधियां करने से इलाके की शांति व्यवस्था प्रभावित होती है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण पाने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त और पैदल मार्च लगातार जारी रहेगा. पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने कहा कि यदि किसी इलाके में संदिग्ध गतिविधि, अड्डेबाजी या असामाजिक तत्वों का जमावड़ा दिखाई देता है तो लोग बिना किसी डर के इसकी सूचना अपने नजदीकी थाना को दें. समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शहर में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा. पुलिस का कहना है कि अपराध पर नियंत्रण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम जनता के सहयोग से ही बेहतर तरीके से कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सकती है.







