जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित वोल्टास गोलचक्कर को नये सिरे से विकसित किया है. हार्टिकल्चर सोसाइटी के सहयोग से इसको तैयार किया गया है. इसका उदघाटन टाटा स्टील के उपाध्यक्ष डीबी सुंदर रामम ने किया. इस मौके पर टाटा स्टील की एमडी टीवी नरेंद्रन की पत्नी रुचि नरेंद्रन, टाटा स्टील यूआइएसएल एमडी अतुल भटनागर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. यह एक महत्वपूर्ण पहल है, जो सतत शहरी भूदृश्य (अर्बन लैंडस्केपिंग) का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति शहर की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ बनाती है. यह पहल रुचि नरेंद्रन की सोच से प्रेरित है और “ज़िम्मेदार नागरिक, ज़िम्मेदार शहर” के सिद्धांत पर आधारित है. इस अभियान के माध्यम से हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी की अध्यक्ष सुमिता नूपुर नागरिकों में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छ, हरित और टिकाऊ शहर के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना चाहती हैं. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा स्टील यूआइएसएल के सहयोग से हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी ने जमशेदपुर के सबसे व्यस्त गोलचक्कर में से एक को एक आकर्षक हरित स्थल में परिवर्तित किया है, जो सतत विकास, नागरिक गौरव और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का संदेश देता है. रिड्यूस, रीयूज़ और रीसायकल के सिद्धांतों पर आधारित इस गोलचक्कर का नवीकरण किया गया है. इसमें पुराने टायर और अन्य सामानों का इस्तेमाल किाय गया है. इस पहल को सफल बनाने में एसबी मंडल, शरद मंडल, डॉ धनंजय चौबे, अश्विनी श्रीवास्तव, आलोक कुमार चौधरी, मनोज कुमार तथा सुकन्या दास का महत्वपूर्ण योगदान रहा. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार तथा सौंदर्यपूर्ण सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए सोसाइटी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है. उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा एवं संरक्षण करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा शहर के सौंदर्यीकरण संबंधी अभियानों का समर्थन करने की भी अपील की.


















