जमशेदपुर: सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल थाना अंतर्गत शहरबेड़ा मोड़ के पास रविवार को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनके दोनों पुत्र घायल हो गए. आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस से घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. मृतक की पहचान बोड़ाम थाना क्षेत्र के छोटाचिड़का के कदमडीह गांव निवासी 52 वर्षीय रवि महतो के रूप में हुई है. वहीं रवि महतो के दोनों पुत्र राजीव महतो और शुरू मुदी महतो की स्थिति गंभीर बनी हुई है. (नीचे भी पढ़े)
इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे. मृतक के दामाद ने बताया कि तीनों पिता-पुत्र एक ही बाइक से डोबो होते हुए चिलगु हाट बाजार जा रहे थे, तभी सामने से आ रही ट्रेलर ने उन्हें शहरबेड़ा के पास टक्कर मार दी. हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने ट्रेलर और उसके चालक को मौके पर ही पकड़ लिया. फिलहाल चालक को थाना में रखकर पुलिस पूछताछ कर रही है. घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का हाल बेहाल है. पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. तीनों ही डोबो के ईटा भट्ठा में मजदूरी का काम करते हैं



