जमशेदपुर : जमशेदपुर की पुलिस की एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां पुलिस ने संयुक्त रूप से टीम बनाकर सीतारामडेरा बस स्टैंड के समीप से उत्तर प्रदेश के दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. ये दोनों जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मास्टरमाइंड अशोक सिंह राघव और अभिमन्यू सिंह उर्फ सिंटू सिंह के बुलाने पर जमशेदपुर आये थे. गिरफ्त में आये अपराधियों अपराधियों में उत्तर प्रदेश (यूपी) के सुलतानपुर के गोसाइगंज बरुइ का रहने वाला प्रदीप सिंह (38) और दूसरा अभिनय यादव (24) शामिल है. इनके पास से पुलिस ने देशी पिस्तौल, दो जिंदा गोली और मोबाइल जब्त किया है. प्रदीप सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या, लूट समेत 10 अपराधिक मामले दर्ज है. (नीचे भी पढ़ें)

इसको लेकर जमशेदपुर के एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने संवाददाता सम्मेलन कर पूरे कांड का खुलासा किया. इस मामले में पुलिस ने बताया कि ये दोनों अपराधी पहले आये थे और फिर उनको गणेश सिंह के सहयोगियों को मारना था. लेकिन उनको पैसा समय पर नहीं मिलने के कारण वे लोग वापस चले गये थे. बाद में फिर से उनको बुलाया गया था. वे लोग पहले 19 अगस्त को जमशेदपुर आये थे. इसके बाद अभी फिर से उनको बुलाया गया था, लेकिन वे लोग पुलिस की गिरफ्त में आ गये. पुलिस उनसे पूछताछ के बाद जेल भेजेगी. ये दोनों अपराधी भी निखार सबलोक सी हत्या के लिए रेकी किये थे और उनकी हत्या करने वाले थे, जिनको हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया.




