जमशेदपुर : जमशेदपुर में चैती छठ पर्व और रामनवमी को देखते हुए 27 मार्च से 31 मार्च तक जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है. इसके तहत नया आदेश जमशेदपुर की डीसी विजया जाधव, एसएसपी प्रभात कुमार और ट्राफिक डीएसपी कमल किशोर ने संयुक्त रुप से जारी किया है. इसके तहत 27 मार्च को दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहन का परिचालन पूर्णत: वर्जित रहेगा. इसी तरह 28 मार्च को सुबह 3 बजे से सुबह 11 बजे तक सभी तरह के भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह रोक लगायी गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान बसों का परिचालन हो सकेगा. 29 मार्च को पूरे दिन भर सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन सामान्य रहेगा. 30 मार्च को दोपहर एक बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. 31 मार्च को दोपहर 12 बजे से 1 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार के वाहन चार पहिया, बस और भारी वाहनों का परिचालन पूर्णत: वर्जित रहेगा. 31 मार्च को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक तीन पहिया वाहनों (ऑटो या टेम्पो) जमशेदपुर के गोलमुरी चौक, आरडी टाटा गोलचक्कर, साकची सागर होटल, नौ नंबर टैक्सी स्टैंड, बसंत टॉकीज, मिनी बस स्टैंड, साकची गोलचक्कर, बंगाल क्लब, पुराना किताब लाइन, पुराना कोर्ट मोड़ और स्वर्णरेखा घाट मार्गों में पूर्णत: बंद रहेगा. यह पहली बार है जबकि चार पहिया और तीन पहिया के परिचालन को लेकर आदेश जारी किया गया है.











