
जमशेदपुर : पूर्व मंत्री और चंदनकियारी के भाजपा विधायक अमर कुमार बाउरी बुधवार को जमशेदपुर पहुंचे. यहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान अमर बाउरी ने सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए चाईबासा के गुदड़ी में 7 पत्थलगड़ी विरोधियों की हत्या की तीखी भर्त्सना करते हुए सरकार को आड़े हाथ लिया. उन्होंने कहा है कि राज्य में वर्तमान सरकार अभी पूर्ण स्वरूप में भी नहीं आई है और अभी से ही इस तरह की घटनाएं शुरू हो गई है. उन्होंने बताया कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन अगर इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो निश्चित तौर पर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए जा सकते हैं. इस दौरान जमशेदपुर महानगर भाजपा अध्यक्ष दिनेश कुमार और भाजपा नेता रमेश हांसदा भी उपस्थित थे.






