जमशेदपुर : झारखंड आंदोलन के प्रमुख नायकों में शुमार स्वर्गीय निर्मल महतो के शहादत दिवस के अवसर पर शनिवार को बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस के बाहर स्थापित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में स्वर्गीय निर्मल महतो के परिवार के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. सभी ने निर्मल दा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान उपस्थित लोगों ने झारखंड आंदोलन में निर्मल महतो के संघर्ष, त्याग और योगदान को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि निर्मल महतो ने झारखंड की पहचान, अधिकार और अलग राज्य की मांग को लेकर अपना जीवन समर्पित कर दिया. उनके संघर्ष और बलिदान ने झारखंड आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनका जीवन और विचार आज भी झारखंडवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं. (नीचे भी पढ़ें)

शहादत दिवस के अवसर पर परिवार की सदस्य एवं ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने निर्मल महतो के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. उन्होंने झारखंड के विकास, जनहित और आम लोगों के अधिकारों के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई. श्रद्धांजलि सभा के दौरान माहौल भावुक रहा. परिवार के सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने निर्मल महतो की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी पदाधिकारी मोहन कर्मकार, केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी सहित सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.



