
जमशेदपुर : खासमहर स्थित सदर अस्पताल में गुरुवार की सुबह टीकाकरण के लिए आये लोग आपस में ही उलझ गये, जिससे हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गयी. स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया, जिसके पहुंचने के बाद लोग शांत हुए. जानकारी के अनुसार बच्चों के टीकाकरण के लिए सदर अस्पताल में सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया था. इस तरह देखते ही देखते काफी भीड़ हो गयी.
पहले हम-पहले हम की होड़ में लोग बेतरतीब टीका लगवाना चाह रहे थे. इसे लेकर लोगों में बकझक होने लगी, जिससे धीरे-धीरे हंगामे की स्थिति उत्पन्न होने लगी. स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गयी. तब स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर लोगों को शांत कराया. उसके बाद पुलिस ने सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए लोगों को पंक्तिबद्ध कराया. उसके बाद से एक-एक कर टीकाकरण किया गया.







