जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी क्लब के पास हंगामा कर टाटा स्टील यूआइएसएल का निर्माण कार्य बंद कराने को लेकर आरोपी झाविमो नेता रह चुके बच्चे लाल भगत को गिरफ्तार कर भेज जेल भेज दिया है. आरोपी बच्चेलाल भगत कदमा के रहने वाले है. पुलिस ने उनको तीन दिन पहले कदमा से गिरफ्तार किया था. एमजीएम अस्पताल में उसकी मेडिकल जांच कराई गई. जांच में वह कोविड पॉजिटिव पाया गया . इसके बाद उसे साकची के जेल में रखा गया था. उसे फिर मंगलवार को कोविड-19 की जांच के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया और नेगेटिव पाए जाने के बाद जेल भेजा गया है. सीओ जमशेदपुर ने बच्चे लाल भगत को पुलिस को सौंपा था. गौरतलब है कि गोलमुरी क्लब के पास टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) पार्क का निर्माण करा रहा है. पार्क का निर्माण इलाके के लोगों की मांग पर किया जा रहा है. बस्तीवासी पार्क के निर्माण के पक्ष में हैं. आरोप है कि बच्चेलाल भगत एक भू-माफिया की तरफ से खड़ा होकर काम रुकवा रहा था और हंगामा कर रहा था. इसको लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है. इस जमीन पर कैलाश कंस्ट्रक्शन का दावा है. कैलाश कंस्ट्रक्शन की तरफ से स्वयंभू समाजसेवी बच्चेलाल भगत पार्क निर्माण का विरोध कर रहा था. कैलाश कंस्ट्रक्शन के लोग विरोध करने के लिए नहीं आ रहे थे. कैलाश कंस्ट्रक्शन का इस जमीन को लेकर टाटा स्टील से मुकदमा भी चला था. टाटा स्टील ने केस जीत लिया है और इसके बाद यहां अतिक्रमण हटाकर पार्क का निर्माण कर रही है. बच्चेलाल भगत बराबर पार्क निर्माण में अवरोध उत्पन्न कर रहा था, इसीलिए, उस पर कार्रवाई की गई है.






