जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी राहुल कुमार को पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोप है कि राहुल कुमार ने अपनी पत्नी पुनम कुमारी की दहेज के लिए प्रताड़ना कर हत्या कर दी. मामले में मृतका के पिता रणधीर कुमार, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) ने टेल्को थाना में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि राहुल कुमार लगातार उनकी बेटी से दो-तीन लाख रुपये दहेज की मांग कर रहा था. पैसे नहीं देने पर वह पुनम को प्रताड़ित करता था. (नीचे भी पढ़ें)
रणधीर कुमार के अनुसार, 5 अप्रैल को पुनम कुमारी का शव घर के बाथरूम में फांसी के फंदे से लटका मिला था. घटना के बाद 6 अप्रैल को राहुल कुमार ने खुद फोन कर सूचना दी थी कि ‘तेरी बेटी को जान से मार दिए हैं, जो करना है कर लो. बताया जाता है कि राहुल कुमार एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड है. उसकी शादी पुनम कुमारी से वर्ष 2015 में हुई थी. उनके दो बच्चे भी हैं. पुलिस ने मामले में आरोपी पति राहुल कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है.



