जमशेदपुर : चैत्र नवरात्र की एकादशी तिथि पर बिस्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम में भगवान श्रीराम की भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. इस अवसर पर एक लाख पुष्प, बेलपत्र एवं एक लाख मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्रीराम का पूजन दक्षिण भारतीय परंपरा अनुसार सम्पन्न हुआ. राम दरबार – श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता सीता की प्रतिमा के समक्ष भगवान श्रीराम के चांदी के मुकुट एवं खड़ाऊ को विशेष रूप से स्थापित कर पूजा की गई. समूचा वातावरण जय श्रीराम के जयघोषों और वैदिक मंत्रों से गुंजायमान हो उठा. (नीचे भी पढ़ें)
पूरे अनुष्ठान का संचालन पंडित संतोष कुमार, पंडित कोंडामचारुलु सहित कुल 15 दक्षिण भारतीय वेदपाठी पंडितों ने किया. मंत्रोच्चार, आरती एवं पूजा-अर्चना पारंपरिक रीति-रिवाज़ों के अनुसार सम्पूर्ण विधि विधान पूर्वक सम्पन्न हुई. भक्तों की भारी भीड़ इस धार्मिक आयोजन में उमड़ी. अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया. आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति और स्वयंसेवकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही. प्रत्येक वर्ष आयोजित यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक भी रहा.




