जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित डोबो पुल पर बीते कुछ दिनों में आत्महत्या की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस-प्रशासन को सतर्क कर दिया है. इसी को देखते हुए गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मौके पर पहुंचकर पुल का निरीक्षण किया. उन्होंने इंजीनियरिंग टीम और संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर पुल की संरचना का बारीकी से आकलन किया. पिछले दिनों में कई लोग इस पुल से कूदकर जान दे चुके हैं, जिस पर स्थानीय लोगों ने गहरी चिंता जताई थी. निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने पुल के दोनों किनारों पर मजबूत सुरक्षा नेट लगाने की योजना पर चर्चा की. इसके साथ ही पुल पर गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात में रोशनी की बेहतर व्यवस्था करने का भी प्रस्ताव रखा गया. (नीचे भी पढ़ें)
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. हमारा उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या कदम न उठाए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा नेट लगाने का काम जल्द शुरू होगा और अगले कुछ हफ्तों में पूरा कर लिया जाएगा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि इससे न केवल आत्महत्या की घटनाओं पर रोक लगेगी, बल्कि पुल से गुजरने वाले लोगों में भी सुरक्षा का भाव बढ़ेगा.



