
जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार हो रही गाड़ी चोरी को रोकने के लिए पुलिस द्वारा अपना जाल बिछाया गया है. इस कड़ी में इस जाल में बाइक लिफ्टर यानी बाइक को चोरी करके भागने वाला युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. जमशेदपुर के उलीडीह थाना (मानगो क्षेत्र) पुलिस को यह सफलता हाथ लगी. उलीडीह थाना क्षेत्र के खड़िया बस्ती से बाइक की चोरी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. बाइक चोरी की घटना का आरोपी सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह लालभट्ठा का रहने वाला कृष्णा प्रसाद है. पुलिस ने उसके कब्जे से दो बाइक बरामद की है. दूसरी बाइक कृष्णा ने साकची से चोरी की थी. उलीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में पता चला कि कृष्णा प्रसाद ने खड़िया बस्ती से बाइक की चोरी की थी. इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में थी. मंगलवार की रात 2:00 बजे उलीडीह थाना क्षेत्र के रामनगर स्वर्णरेखा नदी किनारे कृष्णा प्रसाद मौजूद था. पुलिस ने छापामारी कर उसे दबोच लिया. आरोपी को जेल भेज दिया गया है. बताया जाता है कि पुलिस उसको रिमांड पर लेकर पूछताछ भी कर सकती है ताकि और भी गाड़ी चोरी के मामले का उदभेदन किया जा सके. वैसे हाल के दिनों में बड़े पैमाने पर गाड़ियां चोरी हुई है. ऐसे ही लोगों की गिरफ्तारी से इस तरह के मामले उजागर हो सकेंगे.














