जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह बड़ी मस्जिद के पास एक अपार्टमेंट में वृद्धा यास्मीन निगार की आंख में स्प्रे कर लूट के प्रयास के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को ट्रेस कर पकड़ लिया है. आरोपी धतकीडीह की ही रहने वाली बताई जा रही है. घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में महिला मदरसा फैजुल उलूम, धतकीडीह मेन रोड स्थित शर्मा होटल के पास से गुजरती दिखाई दे रही है. इसके बाद वह मौका-ए-वारदात के आसपास भी नजर आती है. घटना को अंजाम देने के बाद वापसी में वह अपने घर में प्रवेश करती हुई भी कैमरे में कैद हुई है. उसके घर का रंग हरा और मुख्य दरवाजे का रंग हल्का कत्थई बताया गया है. पुलिस ने महिला को पकड़ने के बाद उससे पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि वृद्धा के घर में अकेले रहने की जानकारी आरोपी को कैसे मिली और घटना की पूरी योजना किस तरह बनाई गई थी. पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर सकती है. (नीचे भी पढ़ें)

घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की है. यास्मीन निगार के पति जुमा की नमाज के लिए घर से बाहर गए थे. इसी दौरान नकाबपोश महिला चाबी के जरिए दरवाजा खोलकर घर में दाखिल हुई. आरोप है कि उसने पहले मिर्च पाउडर का घोल यास्मीन निगार पर डाला और फिर उनकी आंख में स्प्रे कर दी. महिला ने उनके हाथ से कंगन छीनने का प्रयास किया, लेकिन विरोध के कारण वह सफल नहीं हो सकी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला की गतिविधियां अलग-अलग स्थानों पर दिखाई दीं. फुटेज में वह मदरसा फैजुल उलूम के पास से गुजरती है और धतकीडीह मेन रोड पर शर्मा होटल के आसपास भी नजर आती है. इसके बाद वह घटनास्थल की ओर जाती दिखती है. घटना के बाद उसी रास्ते से वापस लौटने और अपने घर में दाखिल होने की तस्वीरें भी पुलिस के हाथ लगी हैं. स्प्रे किए जाने के बाद यास्मीन निगार की बाईं आंख की रोशनी बेहद कम हो गई है. परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के शंकर नेत्रालय या किसी अन्य बड़े नेत्र अस्पताल ले जाने की तैयारी में हैं. परिजनों का कहना है कि घटना में महिला की आंख को गंभीर नुकसान पहुंचा है और पुलिस को मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों के अनुसार, यास्मीन निगार की तबीयत पहले से खराब रहती है और डायलिसिस के लिए भी एक महिला नियमित रूप से उनके घर आती है. इसके अलावा घर में तीन और महिलाएं काम करने आती हैं. ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी महिला को घर की गतिविधियों और यास्मीन के अकेले रहने की जानकारी किस माध्यम से मिली. आरोपी महिला के पकड़े जाने के बाद अब पुलिस पूछताछ के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि महिला अकेले इस वारदात में शामिल थी या उसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी. जल्द ही पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है.




