
चाईबासा : 66 वें आल इंडिया पुलिस हेंडबॉल कलस्टर चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले उदीयमान खिलाड़ी और झारखंड पुलिस के अवर पुलिस निरीक्षक स्व तरुण कुमार पांडेय को मंगलवार को चाईबासा पुलिस लाइन में भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस अवसर पर सार्जेंट मेजर मंटू यादव व अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं खेलकूद से जुड़े पुलिसकर्मियों ने स्व पांडेय की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. स्व पांडेय का 10 अगस्त 2020 को जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित पुलिस लाइन में निधन हो गया. उन्होंने अपनी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली थी. हालांकि उनके पिता और भाइयों का आरोप था कि स्व पांडेय की हत्या की गई है और इसमें उनकी पत्नी का हाथ है. पत्नी और ससुरालवालों ने एक साजिश के तहत उनकी हत्या की है. यह खबर उस समय अखबार की सुर्खियां बनी थी. अवर पुलिस निरीक्षक स्व पांडेय के पिता बाल सुधा पांडेय ने इस संबंध में जमशेदपुर के तत्कालीन एसएसपी और कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी से लिखित शिकायत भी की थी. उन्होंने जमशेदपुर में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में एक शिकायतवाद भी दर्ज कराया था, जिसके बाद गोलमुरी थाना में मामला दर्ज कर उसकी जांच की जा रही है. स्व पांडेय की पटना के कंकड़बाग, लोहिया नगर निवासी कृष्ण बल्लभ पांडेय की पुत्री ज्योति कुमारी से 28 जून 2020 को शादी हुई थी. बताया जाता है कि ज्योति का किसी युवक से पहले से संबंध था. यह भी जानकारी मिली है कि मृतक तरूण पाण्डेय जब होली के समय अपने ससुराल गया हुआ था तो उस दौरान मृतक की पत्नी अपनी सहेली का घर जाने के नाम पर दो दिन बाहर रही. मालूम करने पर कोई बताने को तैयार नहीं था. इसी से तंग आकर मृतक तरूण नें अपने आपको गोली मारकर हत्या आत्महत्या कर लिया. इस मामले में ज्योति और उसके पिता पर गोलमुरी थाना में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.





