जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर के रहने वाले राहुल के घर में घुसकर गुरुवार को मोबाइल की चोरी करने के आरोप में लोगों ने लक्ष्मण जोगी उर्फ बप्पी को पकड़कर पिटायी की थी और बाद में पुलिस को सौंप दिया था. इस मामले में पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सोनारी के गुदड़ी बस्ती में छापेमारी करके साहिल लोहार उर्फ साहिल लंगड़ा को गिरफ्तार किया है. उसके पास से भी पुलिस ने चोरी की मोबाइल बरामद की है. जानकारी के अनुसार लक्ष्मण जोगी उर्फ बप्पी पूर्व में भी जेल जा चुका है. पुलिस ने दोनों के पास से मोबाइल के अलावा नकद रुपये भी बरामद किये हैं. एमजीएम अस्पताल में दोनों आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है.





