
जमशेदपुर : वीरता शौर्य और पराक्रम सैनिकों के आभूषण होते हैं और उनका बलिदान जीवन की श्रेष्ठ परम्परा। यह बात पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक और कार्यक्रम के संयोजक हवलदार भोला ने कही। वह बुधवार को पूर्व सैनिक सेवा परिषद जमशेदपुर द्वारा गोलमुरी स्थित शहीद स्मृति स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत परिषद के जिला महामंत्री नायब सूबेदार अनिल कुमार सिन्हा ने पुष्पांजलि अर्पित कर की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश जब आज अपने घरों को रोशन करने सजाने में व्यस्त है, इस समय भी सैनिक अपने जीवन का सर्वश्रेष्ठ पल सीमा पर राष्ट्ररक्षा के लिए समर्पित कर रहे हैं। इसके बाद कार्यक्रम में सिद्धनाथ सिंह ने प्रथम दीप जलाकर शहीदों के माता-पिता का स्मरण किया। (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि वे माता-पिता भी धन्य हैं जिनके बलिदान से सैन्य परंपरा गौरवान्वित हो जाती है। उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों और देशभक्तों ने बारी-बारी से पुष्पांजलि अर्पित कर दीये जलाए और शहीद स्मृति स्थल को नमन किया। कार्यक्रम के समापन पर भारत माता की जय और वीर शहीद अमर रहें के नारे के साथ उनके पराक्रम और बलिदान को नमन किया गया। इसके बाद संगठन गीत सत्यप्रकाश ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जय हिंद क्लब से शेखर एवं उनकी टीम, क्रीड भारती से शिवशंकर सिंह, राजीव, बागबेड़ा हेल्पिंग बॉयज से राम, हरि, हवलदार बिरजू हवलदार पंकज, हवलदार निर्मल कुमार, हवलदार जसबीर सिंह, अवधेश कुमार, नायक मुकेश कुमार सिंह, विनय यादव, कृष्णमोहन सिंह, सिद्धनाथ सिंह, नायक लाल बाबू सिंह, हवलदार रजनीश कुमार सिंह, हवलदर गौतम लाल, कुन्दन सिंह, शशि भूषण सिंह, नवेन्दु गांगुली, परमहंस यादव व अन्य शामिल हुए।












