
जमशेदपुर : सिंहभूम डाक मंडल की ओर से सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में बुधवार को ”मोटिवेशनल एवं टार्गेट इनिशिएटिव” के तहत अभ्युदय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के जरिए डाक विभाग ने आगामी पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (पीएलआई) और बचत बैंक योजनाओं (पीओएसबी) के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अपनी रणनीति साझा की और कर्मियों का उत्साहवर्धन किया. समारोह का उद्घाटन झारखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजीव रंजन और डाक निदेशक आरवी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया. (नीचे भी पढ़े)

अपने संबोधन में श्री रंजन ने कहा कि केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मार्गदर्शन में इंडिया पोस्ट अब एक आधुनिक, एकीकृत और ग्राहक-केंद्रित संगठन बन चुका है. उन्होंने जोर दिया कि डाक विभाग को केवल चिट्ठी-पत्री तक सीमित न रहकर पार्सल और डाक सेवा को राजस्व का मुख्य स्रोत बनाना होगा. डाक निदेशक आरवी चौधरी ने ”डाक सेवा, जन सेवा” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि वित्तीय समावेशन में डाक विभाग की भूमिका अहम है. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने ”डाक सखी”, ”बीमा ग्राम” और ”डाकिया आपके द्वार” जैसी योजनाओं के माध्यम से हर घर तक बैंकिंग और बीमा सेवाएं पहुँचाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान पिछले सत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया. मंच पर वरीय डाक अधीक्षक उदयभान सिंह, उप मंडलीय प्रबंधक अमित कुमार, वरिष्ठ पोस्टमास्टर सुधीर कुमार और उप डाक अधीक्षक बिस्वजीत राय भी उपस्थित थे. अंत में, सभी कर्मियों ने सामूहिक शपथ ली कि वे आगामी अभियान को ऐतिहासिक बनाएंगे.







