जमशेदपुर : औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में इन दिनों एक 10 वर्षीय बच्चे की असाधारण प्रतिभा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. इस बच्चे की क्षमता को देखकर कई लोग हैरान रह जाते हैं और पहली बार सुनने वाले अक्सर यही कहते हैं ‘यह बच्चा है या कोई एआई रोबोट!’ हम बात कर रहे हैं प्रतिभाशाली छात्र शौर्य चंदेल की, जो महज कुछ सेकंड में एशिया के सभी देशों के नाम एक साथ बोल देता है. शौर्य कार्मेल जूनियर कॉलेज जमशेदपुर में कक्षा चौथी का छात्र है. इतनी कम उम्र में उसकी तेज याददाश्त और बोलने की अद्भुत गति लोगों को आश्चर्यचकित कर देती है. शार्प भारत से बातचीत के दौरान शौर्य ने बताया कि उसे बचपन से ही देश-दुनिया के बारे में जानकारी जुटाने में काफी रुचि रही है. खासकर भूगोल उसका सबसे पसंदीदा विषय बन गया है. (नीचे भी पढ़ें)
शौर्य के पिता मुकेश सिंह एक व्यवसायी हैं, जबकि उनकी मां कविता सिंह बैंक में कार्यरत हैं. दोनों का मानना है कि बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए. उनका कहना है कि आज के समय में हर बच्चा पढ़ाई करता है, लेकिन अगर अलग पहचान बनानी है तो कुछ नया और विशेष करना जरूरी है. शौर्य का सपना भविष्य में एक आईएएस अधिकारी बनने का है. इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उसने भूगोल विषय को गंभीरता से पढ़ना शुरू किया. पढ़ाई के दौरान उसे पता चला कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में एशिया के सभी देशों के नाम सबसे तेज बोलने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. यह रिकॉर्ड गुंणेका संध्या के नाम है, जिन्होंने लगभग 25 सेकंड में एशिया के देशों के नाम गिनाए थे. (नीचे भी पढ़ें)

इस रिकॉर्ड को तोड़ने की प्रेरणा से शौर्य ने लगातार अभ्यास शुरू किया. वह पिछले लगभग दो वर्षों से रोजाना दो से ढाई घंटे तक अभ्यास कर रहा है. खास बात यह है कि वह अक्सर आईने के सामने खड़े होकर प्रैक्टिस करता है, ताकि उसकी बोलने की गति के साथ-साथ शब्दों की स्पष्टता भी बेहतर हो सके. आज शौर्य करीब 19 सेकंड के भीतर एशिया के सभी 48 देशों के नाम एक साथ बोल देता है और कई बार वह यह काम 18 सेकंड में भी पूरा कर लेता है. पढ़ाई में भी वह अपने स्कूल के टॉप छात्रों में शामिल है. आज जमशेदपुर में शौर्य चंदेल की प्रतिभा लोगों को प्रभावित कर रही है. यदि उसकी मेहनत और लगन इसी तरह जारी रही, तो वह दिन दूर नहीं जब यह नन्हा प्रतिभाशाली छात्र गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराकर शहर और देश का नाम रोशन करेगा.







