जमशेदपुर : जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में गुरुवार को गांधी जयंती और विश्व मुस्कान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में स्वच्छता, अहिंसा, प्रेम, करुणा, सकारात्मक सोच और मुस्कुराते हुए जीवन जीने की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से अनेक प्रेरणादायक कार्यक्रमों जैसे ड्राइंग प्रतियोगिता, स्पीच, निबंध लेखन, स्माइल डांस, फनी फेस एक्सप्रेशन, स्लोगन आदि का आयोजन किया गया, जिसमें सभी बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभाओं को प्रदर्शित किया. (नीचे भी पढ़ें)

2 अक्टूबर को राष्ट्रीय अवकाश होने तथा 4 अक्टूबर को रविवार होने के कारण यह कार्यक्रम 1 अक्टूबर को ही आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करने के पश्चात ज्ञानवर्धक स्पीच से हुई जिसके माध्यम से बच्चों ने सत्य, अहिंसा, प्रेम तथा सरल जीवन के महत्व और अहिंसा के पुजारी के आदर्शों को बताया. (नीचे भी पढ़ें)

तत्पश्चात जहां एक ओर कुछ बच्चों ने उमंग और उत्साह के साथ स्माइल डांस प्रस्तुत किया तो कुछ बच्चों ने फनी फेस एक्सप्रेशन गतिविधियों में मजेदार भाव भंगिमा बनाकर सभी को खूब हंसाया. इसके अतिरिक्त कुछ बच्चों ने गांधी जी का चश्मा और चरखा बनाकर तथा स्लोगन लिखकर भी अपनी भावनाओं को व्यक्त किया. अंत में निबंध प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों झानो हंसदा, अनुष्का सिंह, पलक सिंह, सिया कुमारी सौम्या झा और ऋषभ कुमार को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया गया. इस प्रकार यह पूरा कार्यक्रम हर्ष भरे माहौल में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.







