
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना अंतर्गत ट्यूब कंपनी गेट के समीप जोजोबेड़ा निवासी प्रियंका कर से बाइक सवार दो अपराधकर्मियों ने पर्स की छिनतई कर ली. घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों अपराधी तेजी से मौके से भाग निकले. हालांकि लोगों ने अपराधियों का पीछा भी किया पर अपराधी उनकी आंखों से ओझल हो गए. इधर घटना के बाद प्रियंका ने बर्मामाइंस थाने में दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. घटना सोमवार दोपहर 1 बजे की बतायी जाती है. प्रियंका के पर्स में मोबाइल समेत नकद और कागजात थे. प्रियंका ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति के साथ बाइक से अपने घर को ओर जा रही थी तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो लोगों ने अचानक झपट्टा मारकर पर्स छीना और तेजी से फरार हो गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.





