जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना रोड स्थित अंबेडकर पार्क में क्विज प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह में रोटी बैंक के चेयरमैन मनोज मिश्रा ने युवाओं से अपने माता-पिता एवं बुजुर्ग अभिभावकों को स्मार्टफोन और डिजिटल तकनीक का प्रशिक्षण देने का आह्वान किया. कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. अपने संबोधन में मनोज मिश्रा ने कहा कि आज के डिजिटल युग में प्रत्येक बुजुर्ग के लिए स्मार्टफोन और ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी आवश्यक हो गयी है. बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए बुजुर्ग सबसे अधिक निशाने पर हैं. ऐसे में युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वे अपने अभिभावकों को डिजिटल तकनीक का सुरक्षित उपयोग करना सिखाएं. उन्होंने घोषणा की कि रोटी बैंक एवं जीवन ज्योति संस्था ऐसे युवाओं को विशेष रूप से सम्मानित करेगी, जो अपने बुजुर्ग अभिभावकों को स्मार्टफोन एवं डिजिटल सेवाओं का सफल प्रशिक्षण देंगे. कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर डॉक्टर अमित कुमार ने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो जीवन के हर अंधकार को दूर कर सकती है. उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की प्रेरणा दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शुभम श्रीवास्तव, द्वितीय स्थान खुशबू कुमारी तथा तृतीय स्थान कोमल कुमारी ने प्राप्त किया. वहीं सांत्वना पुरस्कार प्रिंस सिंह एवं दीपक कुमार को प्रदान किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रोफेसर डॉ अमित कुमार, आरबी सहाय, बीके दास, एलबी प्रसाद, कीनू बैठा, देव सागर तिवारी, रामवल्लभ मिश्रा सहित संस्था के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.







