जमशेदपुर : बारीगोड़ा बस्ती विकास संघर्ष समिति ने सोमवार को बारीगोड़ा एवं जोजोबेरा रेल फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण कराये जाने की मांग को लेकर उपायुक्त को एक मांगपत्र सौंपा. इससे पूर्व विगत 18 जुलाई को भी समिति ने अपनी मांगों को लेकर बारीगोड़ा रेलवे फाटक के पास बैनर एवं रजिस्टर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया था, जिसमें बारीगोड़ा, राहरगोड़ा, गदड़ा, बामनगोड़ा, सोपोडेरा एवं सरजामदा, जसकन्डीह एवं उक्त फाटकों से गुजरने वाले सभी लोगों के साथ-साथ सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर अभियान को अपना समर्थन दिया था.(नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि उक्त स्थान पर दो रेल फाटक होने के कारण प्रतिदिन रेलगाड़ियों की आवाजाही से अधिकांश समय फाटक बंद रहने पर इस क्षेत्र की बड़ी आबादी को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. क्षेत्र के लोगों का कहना है कि रेल फाटक खुलता कम, बंद अधिक रहता है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चे, टाटा मोटर्स कर्मचारी न्युवोको सीमेंट प्लांट, तार कंपनी, टाटा पावर, एवं अन्य कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों को कभी भी समय पर पहुंचने में परेशानी होती है. कुछ माह पूर्व ही एक मरीज की फाटक बंद रहने के कारण मृत्यु हो गई थी.(नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि विगत वर्ष सांसद बिद्युत बरण महतो एवं तत्कालीन डी आर एम सीकेपी के श्री साहू ने इस रेलवे फाटक का विजिट किया था और आश्वासन भी दिया था कि अगले 60 दिनों में इस ओवरब्रिज का काम शुरू हो जायेगा, मगर विडंबना यह है कि आज एक वर्ष बाद भी ओवर ब्रिज का काम धरातल पर कुछ भी नहीं दिख रहा है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार हमारी इस मांग पर सरकार गंभीरता से विचार करे नहीं तो आने वाले दिनों में इससे भी उग्र आंदोलन करने के लिए हम लोग बाध्य हो जायेंगे. आज उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन देने के पहुंचे लोगों में बस्ती विकास संधर्ष समिति के अध्यक्ष शिवजी प्रसाद, महामंत्री शैलेन्द्र सिन्हा, विनोद कुमार सिंह एवं इस पंचायत की मुखिया सुनीता नाग, जिला पार्षद कुसुम पुर्ती , जय प्रकाश सिंह, वीरेन्द्र सिंह यादव, नीरज सिंह, गूगल सिंह, वेद प्रकाश, उप मुखिया अमरेश सिंह, सुबोध शाही आदि शामिल थे.














