
जमशेदपुर : जमशेदपुर के चर्चित रामसकल हत्याकांड मामले में छह साल से फरार चल रहे आरोपी कृष्णा तपाड़िया उर्फ मुन्ना तपाड़िया को पुलिस ने एमजीएम अस्पताल से उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह अपना इलाज एमजीएम अस्पताल में करवा रहा था. उसे पीठ में दर्द की शिकायत है. वहीं उन्हे लंग्स में कैंसर भी है. वह गुरुवार को ही अपना इलाज कराने के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती हुआ था. इसकी सूचना मिलने पर पुलिस एमजीएम अस्पताल पहुंची और विधिवत गिरफ्तार किया. फिलहाल एमजीएम अस्पताल में कृष्णा तापड़िया का इलाज चल रहा है. कृष्णा तपाड़िया का कहना है कि वह इस मामले में नहीं थे, उन्हे इस मामले में फंसाया गया है. बता दें कि 1 अगस्त 2015 को जुबली पार्क के पास जॉगिंग करने के दौरान रामसकल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले को अंजाम देने में उपेंद्र सिंह का हाथ था. उपेंद्र सिंह ने बिहार से शूटरों को बुलवाकर रामसकल की हत्या करवाई थी. बाद में पुलिस को यह जानकारी हुई कि इस मामले में कृष्णा तपाड़िया का भी हाथ है. तब से कृष्णा तपाड़िया फरार चल रहा था. बीते दिनों पुलिस ने उसके घर पर 20 अगस्त तक न्यायलय में प्रस्तुत होने का इश्तहार भी चस्पा किया था.






