
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा यास चक्रवात को देखते हुए पश्चिम घोड़ाबांधा पंचायत में बनाए गए शेल्टर होम में बुधवार को लोगों को गाड़ी से ले जाने के क्रम में वार्ड सदस्य सुभाष पाल पर एक नौ वर्षीय नाबालिग के साथ यौन शोषण करने का आरोप लगाया था. इसके बाद पुलिस हरकत में आय़ी और वार्ड सदस्य सुभाष पाल को हिरासत में लेकर गुरूवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इधर सुभाष पाल के परिजनों ने वार्ड पार्षद को निर्दोष बताते हुए साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया. सुभाष पाल के भाई ने बताया कि क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर कुछ लोगों को उनसे इर्ष्या हो रही थी. यही कारण है कि लोगों को उनकी प्रसिद्ध हजम नहीं हो रही थी. छोटे बच्चो के साथ उनका घनिष्ठ लगाव था. कई महिलाएं गोविंदपुर थाने पहुंच उन्हें निर्दोष बता रही है, फिर भी उन्हें साजिश के तहत जेल भेजा जा रहा है, जो गलत है. उन्होंने जल्द ही साजिशकर्ताओं के नाम का खुलासा किए जाने की बात कही.






