
जमशेदपुर : जमशेदपुर के आज़ादनगर थाना क्षेत्र की एक बस्ती में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ बस्ती के ही युवक द्वारा नाबालिग के ही घर पर दुष्कर्म करने और नाबालिग के गर्भवती होने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने आजादनगर थाने में इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी में लिखा है कि आरोपी बस्ती का ही युवक संतोष कुमार है, जो पीड़िता और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता है. पीड़िता ने शिकायत में लिखा है कि 7 फरवरी 2022 को वह कालेज से घर आ रही थी कि रास्ते में संतोष ने उसे घर छोड़ने की बात कहकर मोटरसाईकल पर बिठाया और पीड़िता के ही घर में जबरन जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया. शर्म से पीड़िता ने किसी को ये बात नहीं बताई. बाद में तबीयत खराब होने पर डाक्टर से जांच करवाने पर गर्भवती होने की पुष्टि हुई. उसके बाद से ही आरोपी धमका रहा है. पूरा परिवार डरा हुआ है.।साथ ही लोकलाज और अन्य कारणों से दुखी है.।पीड़ित परिवार अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू के माध्यम से सोमवार को जमशेदपुर कोर्ट में आरोपी की गिरफ्तारी और एमटीपी एक्ट के तहत गर्भपात की इजाजत के लिए प्रशासनिक निर्देश हेतु पेटीशन फाइल करेगा. अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने कहा एमटीपी एक्ट के तहत जमशेदपुर की उपायुक्त को गर्भपात से संबंधित पहल करने का पावर हासिल होता है. इस मामले में प्रशासन उचित पहल करे तो पीड़िता के साथ न्याय हो सकता है.






