
Jamshedpur : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा पीड़ित मानवता की सेवा में किये जा रहे कार्यों में संस्था के पेट्रॉन सदस्यों का सक्रिय योगदान रहता है, जिस कड़ी में प्रत्येक वर्ष 13 सितम्बर को रेड क्रॉस के पेट्रॉन एवं जाने माने समाजसेवी दिलीप गोयल द्वारा रेड क्रॉस के सहयोग से जनहित कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं। इस कड़ी में आज श्री गोयल के 61वें जन्मदिवस पर उनकी धर्मपत्नी जयश्री गोयल अपने पौत्र-पौत्री के साथ रेड क्रॉस भवन पहुंचीं और 50 जरूरतमंद परिवारों को 15-15 दिनों के राशन पैकेट को प्रदान किया। इससे पूर्व दीप प्रज्जवलित कर दिलीप गोयल के जन्मदिवस कार्यक्रम की शुरुआत की गयी, ज्ञातव्य हो कि लॉकडाउन के दौरान लगभग 500 परिवारों के लिए राशन का सहयोग श्री गोयल ने प्रदान किया था। इस कड़ी में 14 सितम्बर यानी सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया है, जिसमें 14 जून एवं उसके पूर्व के रक्तदान किये रक्तदाता रक्तदान कर सकेंगे। आज राशन पैकेट वितरण समारोह में जयश्री गोयल, रेड क्रॉस सदस्य उमेश राम, केपीएस त्रिवेदी, वाईस पेट्रॉन डीके घोष उपस्थित थे।

जिला प्रशासन के आह्वान पर एक ने किया प्लाज्मा दान
Jamshedpur : प्लाज्मा डोनेशन का अभियान एक एक कोरोना योद्धाओं की कड़ी जोड़कर कारवां का रूप ले रहा है। आज प्लाज्मा डोनेशन के लिए जिला प्रशासन की टीम का आह्वान सुनकर प्रेरित हो मोती लाल सामने आये, जिन्होंने उपयुक्त पाये जाने पर अपना प्लाज्मा दान किया। इस अवसर पर डॉ एलबीपी सिंह ने उन्हें रेड क्रॉस एवं जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्रदान किया। साथ ही जमशेदपुर ब्लड बैंक ने मोमेंटो प्रदान किया। प्लाज्मा डोनेशन उन लोगों के लिए जीवन की एक बड़ी उम्मीद है, जो लोग कोरोना संक्रमण के कारण इलाजरत है और ऐसे लोगों के लिए उन लोगों का आगे आना जरूरी है, जिन्होने कोरोना को मात किया है। प्लाज्मा डोनेशन के लिए जिला प्रशासन की टीम में डिप्टी कलक्टर स्मिता नागेशिया, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह लगातार वैसे कोरोना योद्धाओं से सम्पर्क साध उन्हें प्लाज्मा डोनेशन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।







