मेदिनीनगर (पलामू) :अंतराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के जिला कार्यालय में एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने की. संचालन संजय कुमार ने किया. सर्वप्रथम मां सरस्वती की तस्वीर पर फूल माला चढ़ा कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई.इस मौके पर मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने कहा कि साक्षरता अभियान को आंदोलनात्मक रूप दिए बिना समाज को शिक्षित करना संभव नहीं है. शिक्षा के बिना राज्य की समृद्धि, खुशहाली व विकास की कल्पना करना संभव नहीं है. स्त्री और पुरुष को सामान्य रूप से शिक्षित किए बिना समाज का उत्थान संभव नहीं है. पलामू प्रमंडल का साक्षरता दर संतोषजनक नहीं है, जबकि झारखंड सरकार शिक्षा पर काफी पैसा खर्च कर रही है. (नीचे भी पढे)
दलित एवं आदिवासियों के बीच आज भी शिक्षा का घोर अभाव है. शिक्षा के बगैर मानव जीवन अधूरा है. शिक्षा ही विकास की पहली सीढ़ी है. इसलिए मानव का साक्षर होना जरूरी है.इस अवसर पर सनी कुमार, मिथलेश कुमार, उपेंद्र तिवारी, जलील अंसारी, कृष्णा राम, जयपाल मोची, रामनरेश महतो, गोपाल चौधरी, संजय मिस्त्री ने साक्षरता अभियान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि साक्षरता अभियान में सभी वर्गों को शामिल किया जाए, तभी यह अभियान कार्यक्रम सफल होगा. झारखंड सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में चलाए जा रही पोषाहार योजना का भी अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है. छात्र प्रतिदिन ड्रॉप आउट हो रहे हैं, जबकि सरकार साइकिल वितरण, पोशाक वितरण, शिक्षा सामग्री का निः शुल्क वितरण करती है और साथ ही साथ छात्रों को छात्रवृति भी देती है. इसके बाद भी छात्रों का ड्रॉप आउट होना काफी चिंतनीय है. इस अवसर पर अंकित कुमार, प्रमोद कुमार, श्याम पाठक, प्रद्युम्न तिवारी, विजय राम, प्रेम कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम के अंत में संजय तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया.














