जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी स्थित आरएमएस हाई स्कूल बालीचेला ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई ) ने स्कूल को कक्षा 12वीं (आईएससी) तक संचालन की पूर्ण मान्यता दे दी है. अब यह स्कूल आईसीएसई और आईएससी दोनों बोर्ड से संबद्ध हो गया है. यानी सोनारी में एक ऐसा स्कूल तैयार है जहां बच्चे कक्षा 11वीं व 12वीं तक राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के साथ पढ़ सकेंगे. प्रिंसिपल प्रतिमा सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिछले कुछ वर्षो से स्कूल की आधारभूत संरचना को विश्वस्तरीय बनाया गया है. अत्याधुनिक फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लासरूम, विशाल लाइब्रेरी, बड़ा खेल का मैदान और अलग प्रशासनिक ब्लॉक तैयार किया गया. सीआईएससीई की निरीक्षण टीम ने सभी मानकों पर स्कूल को पूरी तरह खरा पाया और तब जाकर हरी झंडी मिली.(नीचे भी पढ़े)
इसी सत्र से शुरू होगा 11वीं में दाखिला
प्रिंसिपल ने खुशी जताते हुए बताया कि 8 दिसंबर से 11वीं के लिए फॉर्म जारी हो गए है . साइंस और कॉमर्स दोनों स्ट्रीम में कुल 100 सीटें होंगी. दाखिला प्रवेश परीक्षा और क्लास –10वीं के अंकों के आधार पर होगा. महिला सशक्तिकरण के प्रति स्कूल की प्रतिबद्धता को देखते हुए छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी. जल्द ही ह्यूमैनिटीज़ स्ट्रीम भी शुरू करने की योजना है.(नीचे भी पढ़े)
2003 में हिंदी मीडियम से शुरुआत, 2011 में अंग्रेजी मीडियम स्कूल में बदला
2003 में टाटा स्टील से सब-लीज पर लिया गया यह स्कूल स्वर्गीय डीपी खरिया (पूर्व डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर, टाटा स्टील और राजस्थान मैत्री संघ के संस्थापक अध्यक्ष) की दूरदर्शिता का जीता-जागता प्रमाण है. उस समय यह झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक ) से संबद्ध था. 2011 में अंग्रेजी माध्यम शुरू हुआ. 2023 में आईसीएसई और अब 2025 में आईएससी की मान्यता मिली. आज स्कूल में 1000 से अधिक बच्चे पढ़ रहे हैं.(नीचे भी पढ़े)
इस अवसर पर राजस्थान मैत्री संघ के उपस्थित पदाधिकारी रमेश अग्रवाल (ट्रस्टी),आरके झुनझुनवाला(ट्रस्टी), एसएस गाडिया (ट्रस्टी), दीपक डोकानिया (ट्रस्टी), वीके तुलस्यान (शैक्षणिक प्रमुख) ने कहा, “स्वर्गीय डीपी खरिया का सपना था कि जमशेदपुर में मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग के बच्चो को भी उच्च कोटि की अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा पाएं. आज वह सपना पूरा हो रहा है. आने वाले दिनों में आरएमएस हाई स्कूल शहर के सर्वश्रेष्ठ स्कूलों में शुमार होगा.” आरएमएस मैनेजमेंट, स्कूल की वृद्धि और विकास के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है. (नीचे भी पढ़े)
राजस्थान मैत्री संघ एक सामाजिक संगठन है जिसे मुख्य रूप से अच्छी शिक्षा देने और हर बच्चे को अपनी काबिलियत साबित करने और अच्छी कम्युनिकेशन स्किल्स डेवलप करने का मौका देने के लिए बनाया गया है.आरएमएस हाई स्कूल, बालिचेला,सोनारी का उद्देश्य स्पष्ट है, हर बच्चे का सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव जगाना ताकि आने वाले समय में एक अच्छे नागरिक बन सके. अब यह स्कूल सोनारी, कदमा, साकची, बिष्टुपुर और आसपास के हजारों अभिभावकों के लिए एक नया और भरोसेमंद विकल्प तैयार है.




