पटमदा : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को कुचल दिया. हादसा बोड़ाम थाना क्षेत्र के कुटिमाकली गांव के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान कुटिमाकली निवासी 48 वर्षीय लंबोदर हांसदा के रूप में हुई है. स्थानीय शिक्षक चैतन मुर्मू ने बताया कि लंबोदर हांसदा रोज की तरह मजदूरी करने के लिए पैदल अपने घर से भादुडीह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पटमदा की ओर से जमशेदपुर जा रहे एक ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान अवस्था में पड़े रहे. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बोड़ाम पुलिस की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. इधर हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने भादुडीह के पास उसे पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि चालक शराब के नशे में धुत था. आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने ट्रेलर (बिना नंबर व ट्रॉली वाला) को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है.






