जमशेदपुर:घाटशिला से एक बार फिर सड़क हादसे की घटना सामने आई है. गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे केंद्रीय विद्यालय से छुट्टी के बाद बच्चों को घर लेकर जा रहा स्कूल ऑटो घाटशिला चर्च के पास दुर्घटना का शिकार हो गया. पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पल्सर बाइक ने स्कूल ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो में सवार तीन बच्चे घायल हो गए. इनमें घाटशिला निवासी 16 वर्षीय कुणाल की हालत गंभीर बताई जा रही है. कुणाल के सिर में गंभीर चोट लगी है. हादसे के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.(नीचे भी पढ़े)

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बच्चे स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने ऑटो को टक्कर मार दी.गौरतलब है कि 24 घंटे के भीतर घाटशिला में यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है. इससे पहले बुधवार देर रात अमाईनगर पुलिया के पास हुए हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई थी. लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.




