
बहरागोड़ा : बुधवार की शाम माटिहाना – चाकुलिया मुख्य मार्ग पर पाथरा गांव के पास सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो जख्मी हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बड़सोल थाना क्षेत्र के जुगिसोल गांव निवासी दारगा मुर्मू 40 तथा राजू सोरेन 55 उनके एक साथी पश्चिम बंगाल निवासी के साथ मोटरसाइकिल से चाकुलिया के उदाल से अपने गांव जुगीसोल लौट रहे थे। माटिहाना चाकुलिया मुख्य सड़क पर पाथरा चौक के समीप सामने से एक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गयी। इसी क्रम में बाइक के पीछे बैठे दारगा मुर्मू मोटरसाइकिल से नीचे छलांग लगाकर कूद गया, जिसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर ग्रामीणों ने सड़क दुर्घटना में घायल हुए दारगा मुर्मू, राजू सोरेन को बहरागोड़ा सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दारगा मुर्मू को मृत घोषित कर दिया है। घायल राजू सोरेन ने बताया कि वे तीनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर चाकुलिया के उदाल से अपने गांव जुगीसोल लौट रहे थे। दारगा मुर्मू सबसे पीछे बैठा हुआ था वहीं राजू सोरेन बीच में बैठा हुए था और पश्चिम बंगाल निवासी एक युवक मोटरसाइकिल को चला रहा था। मोटरसाइकिल चलाने के क्रम में सामने से ट्रैक्टर बहरागोड़ा की ओर आ रहा था। साथ ही बहरागोड़ा की ओर से चाकुलिया की ओर एक साइकिल सवार आने के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। मोटरसाइकिल अनियंत्रित होते देख दारगा मुर्मू मोटरसाइकिल से नीचे छलांग लगाकर कूद गया जिससे उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने दारगा मुर्मू का दिल का दौरा हो जाने से मृत्यु होने की बात बताई है। बरसोल पुलिस शव को अपने कब्जे में ले लिया है।





