बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के बोंटा पंचायत मंडप के समीप सात नाला रोड पर सोमवार शाम करीब साढ़े आठ बजे एक अज्ञात कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी. दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक घायल हो गए. हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित बोड़ाम की ओर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही युवा समाजसेवी उमेश महतो मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की. साथ ही उन्होंने मामले की जानकारी बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार को दी. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में एमजीएम अस्पताल जाकर घायलों की जानकारी ली. घायलों की पहचान मिर्जाडीह निवासी संजय लोहार (15), गोकुलनगर निवासी आकाश महतो (18), डिमना निवासी विजय लोहार (16) तथा चौरा निवासी रवि महतो के रूप में हुई है. सभी घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. उमेश महतो ने बताया कि दुर्घटना के बाद एंबुलेंस सेवा के लिए 108 और 102 नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने के कारण समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को टेंपो के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि बोंटा पंचायत क्षेत्र से गुजरने वाली टाटा-पटमदा मुख्य सड़क और बोंटा-बोड़ाम सात नाला मार्ग पर पिछले कुछ महीनों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ी है. आपात स्थिति में एंबुलेंस सुविधा नहीं मिलने से घायलों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता. ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्थायी रूप से एक एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की है. जानकारी के अनुसार, चौरा निवासी रवि महतो बोंटा गांव में आयोजित एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे, जबकि डिमना और गोकुलनगर के तीनों युवक पश्चिम बंगाल से अंबुबाची पर्व मनाकर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.






