गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के बाघुड़िया पंचायत के चाडरी गांव में सोमवार को गालूडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित करीब 400 किलोग्राम जावा महुआ को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया. इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब निर्माण में लगे लोगों में हड़कंप मच गया. गालूडीह पुलिस लगातार अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान चला रही है, जिसमें गांव-गांव जाकर छापेमारी की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

इसी कड़ी में चाडरी गांव के एक सघन क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस बल ने छापा मारा, जहां भारी मात्रा में जावा महुआ को संग्रहित पाया गया. जावा महुआ का उपयोग अवैध देसी शराब बनाने में किया जाता है, जिससे न केवल कानून व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि जन स्वास्थ्य के लिए भी यह एक गंभीर खतरा है.



