जादूगोड़ा : हल्दीपोखर के गोमियासाई निवासी बुजुर्ग महिला मणि भूमिज ने परसुडीह थाना अंतर्गत जोजोबेड़ा निवासी दीपक महतो व सुरेंद्र महतो के खिलाफ जमशेदपुर के आरक्षी अधीक्षक के समक्ष 50 लाख रुपये की धोखाधडी की शिकायत दर्ज कराई है. मामला परसुडीह थाना क्षेत्र के जोजोबेड़ा का है. पूर्वी सिंहभूम जिले के आरक्षी अधीक्षक को लिखे पत्र में कोवाली थाना अंतर्गत हल्दीपोखर के गोमियासाई निवासी पीड़िता मणि भूमिज ने कहा है कि उसका बैंक खाता, एटीएम कार्ड जब्त कर अवैध रूप से 50 लाख की अवैध निकासी का आरोप लगाया गया है. उसने अपने पूर्वजों की जमीन हड़पने का आरोप भी लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है. (नीचे भी पढ़ें)
इधर जनता दल यूनाइटेड के जिला महासचिव वीर सिंह देवगम के नेतृत्व में पीड़िता मणि भूमिज ने पूर्वी सिंहभूम आरक्षी अधीक्षक कार्यालय पहुंची व शिकायत दर्ज कराई है. जनता दल यूनाइटेड के जिला महासचिव वीर सिंह देवगम ने कहा कि गरीब का पैसा धोखाधड़ी कर गबन किया गया है जो न्यायसंगत नहीं है. पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए. जनता दल यूनाइटेड पीड़ित परिवार के साथ हमेशा खड़ा है. जब तक न्याय नहीं मिलता, हमारी पार्टी महिला का साथ देगी. महिला की शिकायत पर आरक्षी अधीक्षक ने अविलम्ब कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.














