बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामौदा पंचायत भवन में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन हुआ. विधायक समीर महंती एवं उपायुक्त विजया जाधव ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन का उद्घाटन किया. इस अवसर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, कल्याण, आपूर्ति विभाग, मनरेगा, आवास समेत अन्य विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को सरकार की ओर से चलाई जा रही विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. (नीचे भी पढ़ें)

जनता दरबार को संबोधित करते हुए विधायक समीर महंती ने कहा कि हेमंत सरकार में राज्य का चहुंमुखी विकास हो रहा है. इस सरकार के कार्यकाल में लोगों को उनका हक और अधिकार मिल रहा है. विगत दिनों सरकार के निर्देशानुसार प्रशासनिक अधिकारियों ने हर पंचायत में जाकर सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाएं गांवों तक पहुंचाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि सरकार ने इसके अलावा भी अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं जिनका लोगों को लाभ लेना चाहिए.(नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी लोगों को पहुंचाना ही जनता दरबार का उद्देश्य है. इस अवसर पर एडीसी जयदीप तिग्गा, डायरेक्टर डीआरडीए सौरभ कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन डॉक्टर जुझार मांझी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नेहा खलको, जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कालिंदी, डायरेक्टर एनईसी ज्योत्स्ना सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, आपूर्ति पदाधिकारी राजीव रंजन, घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी सत्यवीर रजक, बीडीओ राजेश कुमार साहू, सीओ जितराय मुर्मू समेत अन्य पदाधिकारी और प्रखंड के सभी कर्मचारी भी उपस्थित थे.



