जमशेदपुर : जमशेदपुर के जादूगोड़ा और मुसाबनी में हुए पंचायत चुनाव में भाजपा के लोगों की हार के बाद अब कार्रवाई शुरू हो गयी है. पार्टी स्तर पर कोई चुनाव नहीं हुआ था, लेकिन फिर भी भाजपा के लोगों पर हार का ठिकरा फोड़ा जा रहा है. हाल ही में संपन्न हुए जिला परिषद् चुनाव में मुसाबनी अंश -18 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी के विरोध में काम करते हुए विरोधी प्रत्याशी को समर्थन देना भाजयुमो के जादूगोड़ा के विवादस्पद मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह को महंगा पड़ा है. प्रत्याशी रुपाली सेवईयां की शिकायत के बाद ग्रामीण जिलाध्यक्ष सौरव चक्रवर्ती के निर्देश पर आयोजित बैठक में पूरे मंडल के पदाधिकारियों संग रायशुमारी करने के बाद भाजपा के मंडल अध्यक्ष दिलीप पुराण ने भाजयुमो जादूगोड़ा के मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह को बर्खास्त करने का फरमान जारी कर दिया. इसके साथ ही पार्टी के मीडिया प्रभारी रहे गौतम झा को नया भाजयुमो का नया मंडल अध्यक्ष घोषित किया गया है. उधर भाजपा किसान मोर्चा के प्रवक्ता रोहित सिंह परमार को भी बाहर कराने के लिए पार्टी के आलाकमान से मांग की गयी है कि वे लोग उनको भी बरखास्त करें क्योंकि उनके स्तर पर भी पार्टी विरोधी कार्य किये गये है. इसकी पुष्टि मंडल अध्यक्ष दिलीप पुराण ने किया है. (नीचे देखे पूरी खबर)
खबरों के अनुसार मुसाबनी की पूर्व प्रमुख रही रुपाली सेवैयां को इस बार भारतीय जनता पार्टी ने अपना जिला परिषद् मुसाबनी अंश -18 से पार्टी समर्थित उमीदवार घोषित किया था और सभी मंडल और ग्रामीण जिला के नेताओं कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी के समर्थन में कार्य करने का निर्देश दिया गया था. मगर प्रत्याशी का कहना है की रोहित सिंह परमार और विक्रम सिंह ने मिलकर विरोधी प्रत्याशियों तक पार्टी की अंदरूनी रणनीति साझा किया और उन्हें हराने का षड्यंत्र रचा, जिसके कारण मात्र 380 मतों के मामूली अंतर से उनकी हार हो गयी. इतना ही नहीं मतगणना की समाप्ति के बाद दोनों नेता विरोधी प्रत्याशी के साथ जीत खुलेआम जीत का जश्न मनाने में व्यस्त हो गए और रुपाली सेवैयां की हार का मजाक उड़ाया. उन्होंने इस बात की शिकायत ग्रामीण जिलाध्यक्ष सौरव चक्रवर्ती से किया, जिसके बाद तत्काल जिलाध्यक्ष ने जादूगोड़ा मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाकर मामले की जांच एवं समीक्षा की और आरोप से संतुष्ट होने के बाद जादूगोड़ा मंडल अध्यक्ष को भाजयुमो के विवादस्पद जादूगोड़ा मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह को पद से बर्खास्त करने एवं नया मंडल अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्देश दिया जिसके बाद मंडल अध्यक्ष दिलीप पुराण ने विक्रम सिंह को तत्काल प्रभाव से पद से बर्खास्त करते हुए पार्टी के मीडिया प्रभारी गौतम झा को मंडल अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की. इस समीक्षा बैठक में ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा , रोहित राकेश सिंह मंडल उपाध्यक्ष वर्धमान गुप्ता समेत मंडल के सभी कार्यकर्त्ता उपस्थित थे.






