बहरागोड़ा: हेमंत सरकार की वादाखिलाफी, व्यापक भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मंगलवार को बहरागोड़ा की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ा. भाजपा बहरागोड़ा मंडल के अगुवाई में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, महिलाएं, छात्राएं और ग्रामीणों ने तख्तियां व बैनर लेकर आक्रोश रैली निकाली. नेताजी शिशु उद्यान से प्रारंभ होकर बहरागोड़ा मुख्य बाजार होते हुए यह रैली प्रखंड कार्यालय पहुंचकर एक विशाल जनसभा में तब्दील हो गई. डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने साधा तीखा निशाना, कहा यह सरकार झूठ और ठगी की मशीन बन चुकी है.सभा को संबोधित करते हुए डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने हेमंत सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा की यह सरकार झूठ, लूट और तुष्टिकरण की राजनीति में डूबी है. अबुआ आवास, वृद्धावस्था पेंशन, मईयां योजना और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं सिर्फ पोस्टरों तक सीमित हैं. ग्रामीण जनता त्रस्त है, नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं, और छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं. उन्होंने कहा कि बहरागोड़ा का एकमात्र कॉलेज में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद होने की कगार पर है, जिससे सैकड़ों ग्रामीण छात्र-छात्राओं की शिक्षा अधर में लटक गई है. युवाओं को न नौकरी मिली, न कोई योजना लागू हुई. यही नहीं पलायन की मार झेल रहे परिवार सरकार से पूरी तरह मोहभंग की स्थिति में हैं. डॉक्टर गोस्वामी ने कहा की हेमंत सरकार ने जनता को केवल ठगने का काम किया है. अगर यह स्थिति रही तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी, आनेवाले दिनों में पूरे राज्य में उग्र आंदोलन किया जाएगा.(नीचे भी पढे)

धरना के पश्चात भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती को उपायुक्त के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर त्वरित समाधान की मांग की गई. अबुआ आवास योजना में लंबित लाभार्थियों को शीघ्र आवास आवंटन,मईयां योजना के लाभ में अनियमितता और भेदभाव को दूर करने,
कॉलेज संचालन को लेकर शिक्षा विभाग का हस्तक्षेप, बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति को दुरुस्त करने,वृद्ध एवं विधवा पेंशन की फाइलों का अटका रहना,जिसे जल्द स्वीकृत करने, रोजगार सृजन के नाम पर चल रही खानापूर्ति, पाथरी पंचायत के किसानों को बाढ़ में सब्जी की खेती नष्ट हो चुका है उन्हें मुआवजा दिया जाए समेत अन्य मांगे शामिल हैं. मौके पर बीडीओ केशव भारती ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों को वरीय अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और शीघ्र समाधान की दिशा में प्रयास किया जाएगा. सभा को चंडीचरण साव, सुमन कल्याण मंडल, बाप्तू साव, कुमार गौरव पुष्टि, गौरीशंकर महतो समेत अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया. मंच संचालन भाजपा बहरागोड़ा मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर ने किया. इस मौके रंजीत कुमार बाला, श्रीवत्स घोष, महादेव बैठा, भक्तिश्री पंडा, आशीष महापात्र, रखोहरि मुखी, अमरेंद्र दास, कमलकांत सिंह,उत्पल पैड़ा,यादव पात्र,मिंटू नायक, कृष्णा पाल, बिना पात्र, अर्चना दास, डॉली मुर्मू, अमिता नायक, चंदन शीट, देबू शीट, तरुण बेरा समेत अन्य उपस्थित थे.



