
घाटशिला : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि भारतीय जनसंघ तथा भारतीय जनता पार्टी का देश सेवा का गौरवशाली अतीत रहा है. भाजपा राष्ट्रवाद और अंत्योदय को अपना लक्ष्य बनाकर समृद्ध भारत के निर्माण में जुटी है.सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पार्टी का दॄष्टिकोण है. डॉ गोस्वामी ने घाटशिला में मंडल के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उदघाटन कर शिविर को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही.
डॉ गोस्वामी ने कहा कि अधिकांश राजनैतिक दल परिवारवाद और भ्रष्टाचार के दलदल में सिमटे हुए हैं वहीं भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है और सर्वे सुखिनः भवन्तु की उक्ति को चरितार्थ करते हुए सम्पूर्ण समाज के विकास के लिए कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा मजबूत होगी तो भारत मजबूत होगा. (नीचे भी पढ़ें)

डॉ गोस्वामी ने डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तसवीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण शिविर का उदघाटन किया. प्रशिक्षण शिविर को जिला अध्यक्ष सौरभ चक्रवर्ती, घाटशिला के पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश साव,चंडी चरण साव ने भी संबोधित किया. मौके पर मंडल अध्यक्ष राहुल पांडेय ने स्वागत भाषण दिया. शिविर में जिला उपाध्यक्ष विजय पांडेय, भाजयुमो जिला अध्यक्ष रंगलाल महतो, महिला मोर्चा अध्यक्ष माला दे, जिला कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी सुजान मान्ना समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.





