
चाकुलिया : चाकुलिया वन क्षेत्र में इन दिनों वन कर्मी और वन सुरक्षा समिति पस्त और पेड़ कटवा गिरोह मस्त है। वन क्षेत्र में इन दिनों पेड़ कटवा गिरोह दोबारा सक्रिय हो गया है। वन क्षेत्र के सुनसुनिया से सोनाहातु पंचायत भवन जाने वाली सड़क किनारे वन भूमि पर लगे अकाशिया पेड़ की जंगल में आस पास के ग्रामीणों द्वारा जोरों पर पेड़ कटाई की जा रही है। सड़क किनारे जंगल में पेड़ों की ठूंठ ही दिख रहा है। इन दिनों ग्रामीणों द्वारा हजारों पेड़ काट लिए है जिसका उदाहरण जंगल में बचे पेड़ों की ठूंठ अपनी दशा बयां कर रही है। चाकुलिया प्रखंड के हर पंचायत में पद्मश्री जमुना टुडू और विभाग के पदाधिकारियों द्वारा वन सुरक्षा समिति का गठन किया गया है, बावजूद इस कदर पेड़ों की कटाई से यही साबित होता है कि वन विभाग के पदाधिकारी और वन समितियां सुस्त हैं और लकड़ी कटवा गिरोह मस्त है। मिली जानकारी के अनुसार कुछ ग्रामीणों द्वारा पहले उक्त जंगल में आग लगाई गई थी,जंगल में आग लगने से जंगल के अधिकांश पेड़ आग की लपटों से झुलस गई है पेड़ झुलसने के पश्चात अब ग्रामीणों द्वारा बेधड़क पेड़ों की कटाई की गई है। मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग के पदाधिकारियों ने इस मामले को संज्ञान में लेकर विगत दिनों जंगल से छापामारी की थी। वन अधिकारी को देख पेड़ काट रहे ग्रामीण साइकिल छोड़कर वहां से भाग निकले। विभाग के पदाधिकारी ने जंगल से साइकिल जब्त कर कार्यालय लाया गया और कुछ ग्रामीणों पर विभागीय कार्रवाई की गई है।कुछ अधिकारी और कर्मियों ने बताया कि बीच बीच में वन विभाग की टीम उस क्षेत्र में छापामारी करने जाती है परंतु अब तक किसी को पकड़ा नही गया है।



