
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका बहरागोड़ा में गांजा तस्करी करने का बड़ा मामला सामने आया है. बहरागोड़ा पुलिस ने गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए तीन लोगों को 81 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. कालियाडांगा चौक के पास घाटशिला और बहरागोड़ा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर इन लोगों को पकड़ा. बताया जाता है कि बहरागोड़ा पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग के स्कार्पियों से गांजा के तस्कर ओड़िशा से जमशेदपुर में गांजा की सप्लाइ करने के लिए ले जा रहे है. इसके बाद पुलिस ने तत्काल जाल बिछाया. जैसे ही कालियाडांगा चौक के पास गाड़ी पहुंची, पुलिस ने हाथ देकर रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को चकमा देकर वे लोग भागने की कोशिश करने लगे, जिसका पुलिस ने पीछाकर पकड़ा. घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की देखरेख में यह पूरा अभियान चलाया गया. इन तीनों से पुलिस पूछताछ कर रही है. इस संबंध में एक एफआइआर दिया गया है.






